देवघर पंचायत में विशेष बैंकिंग शिविर का आयोजन, ग्रामीणों को दी गई वित्तीय जागरूकता
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।वित्तीय सेवा विभाग, भारत सरकार के निर्देश पर संचालित त्रैमासिक वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान के तहत गोलमुरी-सह-जुगसलाई प्रखंड के देवघर पंचायत में एक दिवसीय विशेष बैंकिंग शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ना, प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत खाते खोलना, खातों का री-केवाईसी, तथा पीएम जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY), पीएम सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) और अटल पेंशन योजना (APY) जैसे सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में पंजीकरण सुनिश्चित करना रहा।

शिविर में भारतीय रिजर्व बैंक, रांची के क्षेत्रीय निदेशक प्रेम रंजन प्रसाद सिंह और सहायक प्रबंधक अरविंद एक्का उपस्थित रहे। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें वित्तीय योजनाओं की जानकारी दी और जागरूक किया। श्री सिंह ने कहा कि वित्तीय समावेशन का अर्थ केवल खाता खोलना नहीं, बल्कि आर्थिक सुरक्षा और सरकारी योजनाओं की पहुंच अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करना है।

शिविर में ऑन-स्पॉट जनधन खाता खोलने, RE-KYC, NPCI मैपिंग, नॉमिनी जोड़ने, साइबर सुरक्षा जागरूकता जैसी गतिविधियां की गईं। कार्यक्रम में अग्रणी जिला प्रबंधक संजीव कुमार चौधरी, क्षेत्रीय प्रबंधक श्रीकांत कटारे, स्थानीय मुखिया, बैंक अधिकारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी रही। इस प्रकार के शिविर जिले के अन्य पंचायतों में भी चरणबद्ध ढंग से आयोजित किए जाएंगे।


