राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला-खरसावां जिले में रविवार को टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-33) पर करणीडीह और भादुडीह के बीच हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। विपरीत दिशा से आ रहे दो ऑटो की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके पुर्जे सड़क पर दूर-दूर तक बिखर गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों की चीख-पुकार से पूरा इलाका गूंज उठा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों वाहन तेज गति से अपने-अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे, तभी किसी कारणवश उनकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने राहत कार्य शुरू किया तथा घायलों को वाहनों से बाहर निकाला। सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा मित्र शेखर गांगुली अपनी टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे और सभी घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। इधर, चांडिल थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया गया। लगातार हो रहे सड़क हादसों से स्थानीय ग्रामीणों में नाराजगी है। उनका कहना है कि एनएच-33 पर आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है। इस ताजा हादसे के बाद एक बार फिर हाईवे पर सड़क सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने की मांग जोर पकड़ने लगी है।

