ओडिशा तट के पास समुद्र में प्राकृतिक गैस के संकेत
*कोणार्क से करीब 43 किमी दूर ओएनजीसी की खोज, 1441 से 1452 मीटर गहराई पर गैस का प्रभाव*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, बड़बिल
ओडिशा के समुद्री क्षेत्र में प्राकृतिक गैस की खोज से देश के ऊर्जा क्षेत्र में नई उम्मीद जगी है। सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी ओएनजीसी की ओर से सितंबर में कोणार्क तट से करीब 43 किलोमीटर दूर समुद्र के भीतर किए गए अन्वेषण के दौरान प्राकृतिक गैस की मौजूदगी के संकेत मिलने की जानकारी सामने आई है।
प्राप्त विवरण के अनुसार समुद्र में MDW28 (MN-DW18-1-H) नामक कुएं में करीब 1441 से 1452 मीटर की गहराई पर गैस की मौजूदगी दर्ज की गई है। बताया गया है कि कुएं में पिछले कुछ दिनों से गैस का प्रभाव लगातार मिल रहा है। प्रारंभिक परीक्षण के दौरान गैस का प्रवाह और दबाव भी अच्छा बताया जा रहा है।
समुद्री क्षेत्र में हुई इस खोज को ओडिशा सहित देश के ऊर्जा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्राकृतिक गैस का घरेलू उत्पादन बढ़ने से आयात पर निर्भरता कम करने और ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने की संभावनाएं बन सकती हैं। हालांकि, किसी खोज को व्यावसायिक रूप से उपयोगी भंडार घोषित करने से पहले विस्तृत परीक्षण, आकलन और अन्य तकनीकी प्रक्रियाओं की आवश्यकता होती है।
ओएनजीसी की ओर से मिले प्रारंभिक संकेतों के बाद अब इस कुएं में गैस की वास्तविक मात्रा, गुणवत्ता और व्यावसायिक उपयोगिता का आकलन महत्वपूर्ण होगा। यदि आगे के परीक्षणों में पर्याप्त भंडार की पुष्टि होती है तो यह ओडिशा के समुद्री क्षेत्र में ऊर्जा संसाधनों की खोज की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हो सकती है।

