NEET-PG में 8407वीं रैंक, जादूगोड़ा की शालिनी ने बढ़ाया मान
*पहले प्रयास में सफलता, पिता के इलाज और पढ़ाई की दोहरी जिम्मेदारी के बीच हासिल किया मुकाम*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, जादूगोड़ा
यूरेनियम नगरी जादूगोड़ा की बेटी डॉ. शालिनी भोल ने NEET-PG 2026 में ऑल इंडिया 8407वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने यह सफलता अपने पहले प्रयास में हासिल की। शालिनी के पिता धीरज भोल यूसीआईएल अस्पताल में फार्मासिस्ट हैं। उनकी सफलता पर अस्पताल परिवार, परिजनों और स्थानीय लोगों ने प्रसन्नता जताते हुए बधाई दी है।
डॉ. शालिनी झारखंड के दुमका स्थित फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज के वर्ष 2019 के पहले बैच की छात्रा रही हैं। उनके अनुसार कॉलेज के शुरुआती दौर में संसाधन सीमित थे। इसी बीच कोरोना महामारी के कारण पढ़ाई भी प्रभावित हुई। एमबीबीएस पूरा करने के बाद उन्हें NEET-PG की तैयारी के लिए करीब छह महीने का ही समय मिला। इसी दौरान उनके पिता की तबीयत अचानक खराब हो गई। पढ़ाई के साथ पिता के इलाज की जिम्मेदारी संभालते हुए उन्होंने तैयारी जारी रखी और परीक्षा में सफलता हासिल की।
शालिनी ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता धीरज व मीनू भोल, भाई, नानी कल्याणी दे, परिवार, मित्रों, शिक्षकों और बीटीआरएफ परिवार को दिया है। उनका लक्ष्य चाइल्ड स्पेशलिस्ट बनकर बच्चों की सेवा करना है। उन्होंने कहा कि बच्चों के प्रति विशेष लगाव होने के कारण वह इसी क्षेत्र में काम करना चाहती हैं।

