देवघर में डबल मर्डर से सनसनी: मां और 14 वर्षीय बेटे की धारदार हथियार से हत्या
राष्ट्र संवाद संवादाता
झारखंड देवघर जिले के सोनारायठाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत नावाडीह में देर रात मां और उसके 14 वर्षीय पुत्र की अज्ञात अपराधियों द्वारा धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। इस दोहरे हत्याकांड के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और सनसनी का माहौल है।स्थानीय लोगों के अनुसार, लगभग तीन वर्ष पूर्व इसी परिवार के मुखिया की भी अनाज खिलाने को लेकर हुई विवाद की घटना में हत्या कर दी गई थी।
अब एक ही परिवार में दोबारा हुई इस वारदात ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।घटना की सूचना मिलते ही सोनारायठाड़ी थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद आसपास के कई थानों की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए देवघर एसपी भी घटनास्थल पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। देवघर एसपी ने बताया कि हत्या किसी कुल्हाड़ी और हथौड़े से की गई है।
घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है तथा अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।फिलहाल हत्या के कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है।

