रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ, कोल्हान)
सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हारिया थाना पुलिस ने टाटा स्टील कंपनी गम्हारिया से लोहा स्क्रैप चोरी करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली थी कि टाटा स्टील कंपनी से भारी मात्रा में लोहा स्क्रैप चोरी कर झारगोविंदपुर रेलवे फाटक के पास जमा किया जा रहा है और वहां से गिरोह के सदस्य वाहनों में लोड कर उसे बाहर भेजने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी रामचंद्र रजक के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल गठित किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए टाटा स्टील कंपनी की बाउंड्री के समीप छापेमारी कर चार आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में निशांत कुमार पाण्डेय, नबीन प्रमाणिक, तुषार कुमार महतो और अमित कुमार यादव शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी में प्रयुक्त सफेद रंग की महिंद्रा स्कॉर्पियो वाहन संख्या JH05EH-2727 को जब्त किया, जिस पर करीब आधा टन लोहा स्क्रैप लदा हुआ था। इसके अलावा घटनास्थल से करीब 10 टन अवैध लोहा स्क्रैप भी बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग दो लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार गिरोह लंबे समय से कंपनी क्षेत्र से स्क्रैप चोरी कर अवैध तरीके से बाहर सप्लाई कर रहा था। इस मामले में गम्हारिया थाना कांड संख्या 46/26 दिनांक 22 मई 2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने गिरोह के फरार मुख्य साथियों राजा हैम्ब्रम, विशाल गोराई और प्रकाश सोरेन समेत अन्य अज्ञात लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है। पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी रामचंद्र रजक, अरुण कुमार महतो, रोपना राम कांशी, बिशु उरांव, धर्मवीर कुमार पुरण और हवलदार रमेश चंद्र महतो समेत कई पुलिसकर्मी शामिल रहे। गम्हारिया पुलिस की इस कार्रवाई को औद्योगिक क्षेत्र में स्क्रैप चोरी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

