निखार सबलोक हत्याकांड:
जमीन विवाद में हत्या की आशंका, 12 गोलियां लगने की पुष्टि,विक्रम शर्मा के करीबियों से पूछताछ
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर/चांडिल। चर्चित होटल कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड की जांच में पुलिस को कई अहम सुराग मिलने की बात सामने आ रही है। सूत्रों के अनुसार, सिदगोड़ा के एग्रिको क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर हत्या की साजिश रचे जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि सरायकेला-खरसावां पुलिस की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।

सोमवार दोपहर चांडिल थाना क्षेत्र स्थित 10th माइल स्टोन रेस्टोरेंट में अज्ञात अपराधियों ने निखार सबलोक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर उनकी हत्या कर दी थी। घटना के बाद पूरे कोल्हान में सनसनी फैल गई थी।
पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे निखार का पार्थिव शरीर कदमा स्थित विजया हेरिटेज आवास लाया गया। शव पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। शहर के कई कारोबारी, सामाजिक कार्यकर्ता और राजनीतिक लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंचे। दोपहर करीब 3:15 बजे अंतिम यात्रा निकाली गई और बिष्टुपुर स्थित पार्वती घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान परिवार के सदस्यों ने मीडिया से बातचीत करने से इनकार किया।
निखार के आवास पर विधायक सरयू राय, विधायक मंगल कालिंदी और पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता समेत कई राजनीतिक हस्तियां भी पहुंचीं। विधायक सरयू राय ने इस दौरान पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता पर अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने सिदगोड़ा क्षेत्र में जमीन कब्जे के एक मामले का उल्लेख करते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की और हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की बात कही।
इधर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी हत्या की भयावहता सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार निखार सबलोक के शरीर में कुल 12 गोलियां लगी थीं। दोनों कनपटियों में दो-दो, गर्दन और पेट में एक-एक, पीठ में दो तथा दोनों कंधों में दो-दो गोलियां मिली हैं। प्रारंभिक जांच में अपराधियों द्वारा बेहद करीब से फायरिंग किए जाने की आशंका है।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने विक्रम शर्मा के कुछ करीबियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस की ओर से नहीं की गई है। सूत्रों का दावा है कि पूछताछ के दौरान पुलिस को मामले से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं और आने वाले समय में हत्याकांड में बड़े खुलासे होने की संभावना है।
फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की साजिश, जमीन विवाद के संभावित कनेक्शन और वारदात में शामिल आरोपियों की भूमिका की जांच में जुटी है।

