सवर्ण महासंघ फाउंडेशन ने किया सांगठनिक विस्तार, झारखंड में दो नए पदाधिकारियों की हुई घोषणा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।सवर्ण महासंघ फाउंडेशन ने सांगठनिक विस्तार के क्रम में झारखंड के चर्चित चेहरे और पुलिस मेंस एसोसिएशन के पूर्व प्रदेश महामंत्री रहे पूर्व प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक कमल किशोर को संगठन में शामिल करते हुए उन्हें विशेष दायित्व सौंपा है। साथ ही राष्ट्रीय सलाहकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता श्रीमती सबिता सिंह को झारखंड प्रदेश महिला मोर्चा का प्रदेश संगठन महामंत्री मनोनीत किया गया है।

इन नियुक्तियों की घोषणा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष धनुर्धर त्रिपाठी ने की। यह मनोनयन संस्थापक संरक्षक द्वय गजेंद्र मणि त्रिपाठी और ठाकुर ओमप्रकाश सिंह की स्वीकृति से किया गया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष त्रिपाठी ने विश्वास व्यक्त किया कि सामाजिक, आर्थिक एवं सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की लड़ाई में इन दोनों पदाधिकारियों की सक्रिय सहभागिता से सवर्ण समाज को सशक्त दिशा मिलेगी। उन्होंने संगठन में योगदान हेतु दोनों का अभिनंदन करते हुए संगठन हित में कार्य करने की शुभकामनाएं दीं।

वहीं, झारखंड प्रदेश अध्यक्ष बाबू बिरेंद्र सिंह एवं महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अनिशा सिन्हा ने संयुक्त रूप से विज्ञप्ति जारी कर दोनों पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आशा जताई कि 144 करोड़ की आबादी में सवर्ण समाज के लिए सवर्ण आयोग और पार्टीगत हिस्सेदारी सुनिश्चित करने की दिशा में चल रहे राष्ट्रीय आंदोलन को इनकी सक्रियता से नई ऊर्जा प्राप्त होगी।

