सोनारी बाजार में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में लूट, अपराधियों का हौसला बुलंद
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। शहर में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए हैं कि वे अब कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ाते हुए दिनदहाड़े वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला सोनारी थाना क्षेत्र के सोनारी बाजार का है, जहां बुधवार दोपहर वर्धमान ज्वेलर्स में छह की संख्या में आए हथियारबंद अपराधियों ने फिल्मी अंदाज में लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपराधी पूरी योजना बनाकर दुकान में दाखिल हुए और दुकानदार को धमकाते हुए लाखों के जेवरात समेट लिए। भागने के क्रम में जब दुकानदार ने विरोध किया तो अपराधियों ने उस पर बंदूक की बट से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल दुकानदार को तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी, डीएसपी और सोनारी थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने आसपास के दुकानदारों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर सुराग जुटाने की कोशिश की।

स्थानीय लोगों में घटना को लेकर गहरा आक्रोश है। उनका कहना है कि सोनारी थाना बाजार से महज एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, फिर भी अपराधियों ने इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का यह भी कहना है कि इससे पहले भी इसी बाजार की ज्वेलरी दुकानों में लूट की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन आज तक अपराधियों को पकड़ा नहीं जा सका है।

वहीं, पुलिस ने दावा किया है कि पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

