सिदगोड़ा में मैथिल समाज ने विधि-विधान से की कलश स्थापना, दुर्गा सप्तशती पाठ शुरू
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। शारदीय नवरात्र के अवसर पर 11 अक्टूबर 2026 को आश्विन शुक्ल प्रतिपदा के दिन फूड प्लाजा, सिदगोड़ा में सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमिटी की ओर से कलश स्थापना की गई। कमिटी के महासचिव धर्मेश कुमार झा ने मुख्य कलश स्थापित किया। इसके साथ ही मैथिल समाज के लोगों ने 25 कलशों की स्थापना कर नवरात्र पूजनोत्सव का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर पंडित गोविंद झा, दामोदर झा, अनिल मिश्र, प्रमोद झा, विपिन झा, रविन्द्र मिश्र और श्रेष्ठ नंद झा के मार्गदर्शन में विधि-विधान से पूजा-अर्चना तथा चारों पहर मां भगवती की श्री दुर्गा सप्तशती का पाठ किया गया। साथ ही अखंड श्रीरामचरितमानस पाठ प्रारंभ हुआ, जो अगले दिन संध्या तक चलेगा।
मैथिल समाज का यह दस दिवसीय शारदीय नवरात्र महोत्सव मिथिलांचल की परंपराओं के अनुसार भक्ति, धार्मिक अनुष्ठानों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मनाया जाता है।

