हत्या पर राजनीति नहीं अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए आज बंद : सरयू राय
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: विधायक सरयू राय ने कहा कि 3 जुलाई का जमशेदपुर बंद सरकार के खिलाफ नहीं, बल्कि डीडी बार हत्याकांड के फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रशासन पर दबाव बनाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि हत्या जैसे संवेदनशील मुद्दे पर किसी भी प्रकार का निजी या राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने सर्वसमाज और सर्वदलीय बैठक में व्यवसायियों से स्वेच्छा से दुकानें बंद रखने की अपील की। साथ ही स्पष्ट किया कि क्लीनिक, अस्पताल, एम्बुलेंस, दवा दुकानें, बैंक, एटीएम, बिजली-पानी, पुलिस, फायर ब्रिगेड, रेल, हवाई सेवा, पेट्रोल पंप तथा अन्य अत्यावश्यक सेवाएं बंद से बाहर रहेंगी।
सरयू राय ने कहा कि अपराध, अड्डेबाजी, नशाखोरी और जुआ जैसी गतिविधियों पर पुलिस प्रभावी नियंत्रण नहीं कर पा रही है। उन्होंने शांति समितियों के पुनर्गठन और योग्य लोगों को शामिल करने की भी मांग की।
बैठक में वरिष्ठ समाजसेवी शिवशंकर सिंह और झारखंड क्षत्रिय संघ के अध्यक्ष शंभूनाथ सिंह समेत कई वक्ताओं ने शहर में बढ़ते अपराध पर चिंता जताते हुए सर्वसमाज से एकजुट होकर बंद को सफल बनाने की अपील की। बैठक में दिवंगत हिमांशु सिंह को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि भी दी।

