जादूगोड़ा यूसील संपदा विभाग के सफाई कर्मियों को नहीं मिली ई.एल. राशि — ठेकेदार पर मजदूरों ने लगाया आरोप, हड़ताल की चेतावनी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जादूगोड़ा। यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (यूसील) के संपदा विभाग में कार्यरत लगभग 30 सफाई कर्मी दीपावली और छठ जैसे प्रमुख त्योहारों से पहले भी ई.एल. (अर्जित अवकाश) की राशि और वेतन से वंचित हैं।
मजदूरों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार द्वारा कई बार वादा करने के बावजूद उन्हें अब तक ई.एल. की राशि नहीं दी गई है। मजदूरों ने बताया कि यूसील प्रबंधन ने ठेकेदार से भुगतान दिलाने का आश्वासन दिया था, और इस मुद्दे पर स्थानीय नेताओं की उपस्थिति में कई बैठकें भी हुईं, लेकिन नतीजा शून्य रहा।
मजदूरों के अनुसार, 6 अक्टूबर को भुगतान की अंतिम तिथि तय की गई थी, लेकिन 10 अक्टूबर तक भी राशि नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द वेतन और ई.एल. का भुगतान नहीं हुआ, तो मजदूर हड़ताल पर जाने को विवश होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी ठेकेदार और यूसील प्रबंधन की होगी।
सूत्रों के अनुसार, यूसील अधिकारियों ने कई बार ठेकेदार को समय पर भुगतान करने की चेतावनी दी है, लेकिन इसके बावजूद मजदूरों को अब तक वेतन और ई.एल. की राशि नहीं मिल पाई है।
मजदूरों ने कहा कि वे त्योहार से पहले बकाया भुगतान की उम्मीद कर रहे हैं, अन्यथा वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को बाध्य होंगे।

