जादूगोड़ा में बिना चालान चिप्स लोड हाईवा जब्त — खनन विभाग की कार्रवाई से माफियाओं में हड़कंप
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जादूगोड़ा। थाना अंतर्गत ग्राम तीलाई टांड़ स्थित जादूगोड़ा–हाता मुख्य सड़क पर शुक्रवार को खनन निरीक्षक, जमशेदपुर ने बिना चालान चिप्स लदे एक हाईवा (संख्या JH05CN 4595) को जब्त कर लिया। वाहन को 10 अक्टूबर 2025 को जादूगोड़ा थाना परिसर में सुरक्षा के तौर पर रखा गया है, जबकि जिला खनन कार्यालय द्वारा विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
खनन विभाग की इस सख्त कार्रवाई से बालू और गिट्टी माफियाओं में हड़कंप मच गया है। विभाग ने साफ किया है कि अवैध खनन और परिवहन पर किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, धालभूमगढ़, बहरागोड़ा, पोटका, गुड़ाबांधा और पिताजुड़ी जैसे इलाकों में लगातार अवैध खनन की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद खनन विभाग ने छापेमारी अभियान तेज कर दिया है।
जिला उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर यह अभियान लगातार जारी है।
जिला खनन पदाधिकारी सतीश नायक ने कहा कि “अवैध खनन और परिचालन में लिप्त लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।”

