पूजा में सुरक्षा, अपराधियों पर शिकंजा
*एसपी की क्राइम मीटिंग में लंबित कांडों और वारंटियों की गिरफ्तारी में तेजी लाने का निर्देश*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
दुर्गापूजा और दशहरा को लेकर सरायकेला-खरसावां पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी तेज कर दी है। रविवार को एसपी मनोज स्वर्गियारी की अध्यक्षता में हुई अपराध समीक्षा बैठक में पूजा पंडालों, बाजारों और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने के साथ लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया गया।
बैठक में सितंबर माह के आपराधिक मामलों की समीक्षा करते हुए फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, न्यायालय से जारी वारंटों के निष्पादन और नियमित पुलिस गश्त पर जोर दिया गया। एसपी ने गंभीर मामलों में साक्ष्य संकलन और अनुसंधान की गुणवत्ता बनाए रखते हुए समयबद्ध कार्रवाई करने को कहा।
त्योहार के दौरान भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती, यातायात नियंत्रण और अनियंत्रित पार्किंग पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए। पूजा समितियों के साथ समन्वय बनाकर श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही तथा आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ता खुला रखने पर भी जोर दिया गया।
एसपी ने अफवाहों, संदिग्ध गतिविधियों और संभावित विवादों पर सतर्कता बरतने तथा सूचना मिलते ही कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान शांति, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

