राजनगर में लूट की साजिश नाकाम: तीन अपराधकर्मी हथियार के साथ गिरफ्तार, पुलिस ने बरामद की पिस्टल व बाइक
राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला-खरसावां: राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ईंचा ग्राम में एक बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने पहुंचे तीन अपराधकर्मियों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक ने कार्यालय में प्रेसवार्ता कर जानकारी दी कि ये अपराधी हथियार के साथ एक घर में घुसकर लूटपाट की योजना बना रहे थे।

घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तत्परता दिखाते हुए विरेंद्र सिंह कुंतीया, पिटु कुमार रक्षित और आकाश हेम्ब्रम को मौके से गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से एक अवैध देशी पिस्टल, एक 9mm जिंदा गोली, चार मोबाइल फोन, एक एयरपॉड, एक चिलम और घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि तीनों अभियुक्त लूट और रंगदारी से जुड़े कई मामलों में पहले से आरोपित हैं। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में लूट की एक बड़ी वारदात को टालने में सफलता मिली है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए ऐसे तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा।


