जनगणना 2027 को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा : जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत चल रहे मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य की प्रगति को लेकर शुक्रवार को समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर समाहर्त्ता सह जिला जनगणना पदाधिकारी पूनम कच्छप ने की। बैठक में जनगणना कार्य की अद्यतन स्थिति, क्षेत्रवार प्रगति तथा प्रपत्र संधारण की समीक्षा की गई।
बैठक में अधिकारियों ने गणना कार्य के दौरान सामने आ रही व्यावहारिक समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही सभी चार्ज क्षेत्रों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि जनगणना कार्य भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील प्रक्रिया है, जिसके आधार पर विकास योजनाओं, संसाधनों के वितरण और नीतिगत निर्णय तय किए जाते हैं। इसलिए आंकड़ों का संकलन पूरी सटीकता और पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।
बैठक में संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देशित किया गया कि मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर त्रुटिरहित तरीके से पूरा करें। इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी सुजीत कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

