राष्ट्र संवाद संवाददाता
टाटा- कांड्रा मुख्य मार्ग के दोनों ओर लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त निर्णय लिया है। उपायुक्त के निर्देश पर आगामी 15 मई से गम्हरिया लाल बिल्डिंग चौक से दुर्गापूजा मैदान एवं बोलायडीह रोड में भगत मेडिकल तक दंडाधिकारी की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। इस बावत गम्हरिया अंचल कार्यालय की ओर से सड़क अतिक्रमण के दुकान लगाने वाले दुकानदारों को स्वत: अपनी दुकानें हटा लिए जाने का निर्देश दिया गया है। साथ ही, प्रचार-प्रसार कर भी दुकानदारों को सूचना दी जा रही है। इस बावत गम्हरिया अंचल कार्यालय के तरूण ठाकुर ने बताया कि उपायुक्त के निर्देश पर मुख्य सड़क के किनारे अतिक्रमण किए गए स्थलों को निर्धारित टीम द्वारा चिन्हित किया गया है। आगामी शुक्रवार,15 मई को गम्हरिया लाल बिल्डिंग से दुर्गापूजा मैदान और फिर भगत मेडिकल तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए अनुमंडल कार्यालय से दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति भी की जा रही है। इस दौरान अंचल निरीक्षक बलवंत सिंह भी मौजूद रहेंगे। इधर, जिला प्रशासन के इस आदेश के बाद दुकानदारों में हड़कंप मच गया है। जारी निर्देश के अनुसार, गम्हरिया बाजार, एनआईटी गेट नंबर-2, आजाद पार्क और प्रभात पार्क के आसपास हुए अतिक्रमण को हटाने पर विशेष जोर दिया गया है।

