नि:शुल्क कांवर यात्रा के लिए 1000 श्रद्धालुओं का पंजीयन पूर्ण, पीली टोपी-गंजी से होगी पहचान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ द्वारा आयोजित नि:शुल्क कांवर यात्रा के लिए पंजीयन कार्य पूरा हो गया है। इस वर्ष कुल 1000 कांवरिया – 572 महिलाएं और 428 पुरुष – 25 जुलाई को सुल्तानगंज से देवघर के लिए रवाना होंगे।

सोनारी स्थित बाबा भूतनाथ मंदिर में आयोजित प्रेस वार्ता में संघ के संस्थापक विकास सिंह ने बताया कि कांवरियों की पहचान के लिए उन्हें पीली गंजी और टोपी दी जाएगी। हर कांवरिये के गले में फोटोयुक्त पहचान पत्र व मोबाइल नंबर भी रहेगा।

सुरक्षा के मद्देनजर कांवरिया पथ में रेडियम लगे वस्त्र पहने सेवक वॉकी-टॉकी से लैस साइकिल से गश्त करेंगे। जत्थे में एक डॉक्टर, दो नर्स और एक एंबुलेंस शामिल होगी। यात्रा के दौरान कुल आठ पड़ाव तय किए गए हैं, जहां भोजन, विश्राम और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।

यात्रा से पहले 150 से अधिक कामगार सेवक व्यवस्था के लिए सुल्तानगंज रवाना होंगे। प्रेस वार्ता में विकास सिंह के साथ किशोर बर्मन, आशुतोष सिंह, अरविंद महतो, प्रकाश वर्मा, अजय लोहार, सुनील सिंह व महिलाएं उपस्थित थीं।

