सुप्रीम कोर्ट में लंबित मामलों को घटाना पहली प्राथमिकता: नामित CJI जस्टिस सूर्यकांत
राष्ट्र संवाद संवाददाता
सुप्रीम कोर्ट के नामित मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत ने शपथ से पूर्व मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि सुप्रीम कोर्ट में लंबित मामलों को कम करना उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता होगी। उन्होंने स्वीकार किया कि 90,000 से अधिक लंबित मामलों की संख्या अदालत के लिए गंभीर चुनौती है।
जस्टिस सूर्यकांत ने कहा कि लिस्टिंग की समस्या हो या मामलों की बढ़ती संख्या—अब समाधान के लिए आगे की सोच अपनानी होगी और न्यायिक क्षमता का पूरा उपयोग करना होगा।
उन्होंने पुराने और रोके गए मामलों पर विशेष ध्यान देने की बात कही। ऐसे मामलों की पहचान कर विशेष बेंच बनाकर शीघ्र निपटारे की कोशिश की जाएगी।
साथ ही उन्होंने कहा कि यह समझने की जरूरत है कि लोग हाई कोर्ट की बजाय सीधे सुप्रीम कोर्ट क्यों आ रहे हैं, जबकि हाई कोर्ट भी संवैधानिक अदालत है। उन्होंने कहा कि पहले जैसी स्वस्थ न्यायिक परंपराओं को वापस लाना होगा।

