रेड क्रॉस के अंधापन निवारण अभियान से मरीजों को मिली नई रोशनी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 16 मार्च: भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम द्वारा चलाए जा रहे अंधापन निवारण अभियान के माध्यम से मोतियाबिंद से पीड़ित लोगों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाने का प्रयास किया जा रहा है। टाटा स्टील समूह की कंपनियां भी अपने सीएसआर के तहत इस अभियान से जुड़कर समाज में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने में सहयोग दे रही हैं।
राम मनोहर लोहिया नेत्रालय में आयोजित 810वें नेत्र शिविर के समापन अवसर पर टाटा पिगमेंट्स की कंपनी सचिव सुश्री नवनीत कौर ने नेत्र रोगियों को विदा करते हुए कहा कि इस तरह के प्रयासों से समाज में सकारात्मक बदलाव आता है और जरूरतमंद लोगों को नई रोशनी मिलती है।
इससे पूर्व नेत्र चिकित्सक डॉ. बी. पी. सिंह और उनकी सहयोगी चिकित्सकीय टीम ने ऑपरेशन के बाद मरीजों की आंखों की पट्टी खोलकर अंतिम जांच की। इसके बाद मरीजों को चश्मा और दवाइयां प्रदान की गईं।
इस अवसर पर रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह, सक्रिय सदस्य राकेश मिश्रा, अशोक कुमार सिंह और आशीष कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ता श्याम कुमार प्रसाद ने नेत्र रोगियों को आवश्यक सहयोग प्रदान किया।

