*बड़ाबाम्बो में हादसा, बाल-बाल बचा परिवार; पीड़ित ने प्रशासन से लगाई मदद की गुहार*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
लगातार बारिश के बीच खरसावां प्रखंड की खपरसाई पंचायत अंतर्गत बड़ाबाम्बो गांव में एक गीला कच्चा मकान अचानक ढह गया। मकान गिरने की आवाज पर परिवार के सदस्य बाहर की ओर भागे। जिस वजह से बड़ा हादसा टल गया। हालांकि मकान के मलबे में घर का घरेलू सामान दब गया, जिससे परिवार के सामने तत्काल आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार पिछले दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण कच्चे मकान की दीवारें और संरचना पूरी तरह गीली हो गई थीं। बारिश का दबाव नहीं सह पाने के कारण मकान ढह गया। देखते ही देखते घर मलबे में तब्दील हो गया।
मकान के गिरने से परिवार के उपयोग में आने वाले घरेलू सामान को नुकसान पहुंचा है। गरीब परिवार के लिए बारिश के मौसम में सिर छिपाने की जगह छिन जाना बड़ी मुसीबत बन गया है। घटना के बाद ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार की स्थिति को देखते हुए प्रशासन से तत्काल राहत और सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
पीड़ित परिवार बिहारी नायक ने प्रशासन से राहत की गुहार लगाई है। ग्रामीणों ने मांग की है कि संबंधित अधिकारी मौके का निरीक्षण कर नुकसान का जायजा लें और परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता, आवश्यक घरेलू सामग्री तथा सुरक्षित आवास की व्यवस्था उपलब्ध कराएं।

