राजकीयकृत प्लस टू विद्यालय खजूरी में श्रद्धा व उत्साह के साथ मनाई गई रवींद्रनाथ टैगोर जयंती
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: राजकीयकृत प्लस टू विद्यालय खजूरी में शनिवार को विश्वकवि रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती श्रद्धा, उत्साह और गरिमामय माहौल में मनाई गई। कार्यक्रम का नेतृत्व प्रभारी प्रधानाध्यापक नित्यानंद माजी ने किया। इस अवसर पर विद्यालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और टैगोर के विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ रवींद्रनाथ टैगोर के आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने टैगोर के जीवन, साहित्यिक योगदान और शिक्षा के क्षेत्र में उनके अमूल्य कार्यों पर अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि टैगोर भारतीय साहित्य जगत के ऐसे महान व्यक्तित्व थे, जिन्होंने अपनी रचनाओं और विचारों से पूरी दुनिया को नई दिशा दी।
प्रभारी प्रधानाध्यापक ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि टैगोर के आदर्श और विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से उनके बताए मार्ग पर चलकर शिक्षा, संस्कृति और नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम में शिक्षक रूपम कुमार लोह,संगीत शिक्षिका अनामीका तिवारी सहित अन्य शिक्षक, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और अभिभावक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में साहित्यिक चेतना और सांस्कृतिक समर्पण का वातावरण देखने को मिला।

