गैस पाइपलाइन के बाद सड़क मरम्मत की गुणवत्ता पर सवाल, जांच की मांग
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-3 में गैस पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क मरम्मत की गुणवत्ता को लेकर स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं। नागरिकों का आरोप है कि जहां सड़क की मूल कंक्रीट करीब छह इंच मोटी थी, वहीं मरम्मत में महज एक से डेढ़ इंच कंक्रीट डाली जा रही है। इससे सड़क की मजबूती और भविष्य में दोबारा टूटने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों ने गेल प्रबंधन और जिला प्रशासन से सड़क मरम्मत कार्य की तकनीकी जांच कराने तथा मानकों की अनदेखी मिलने पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि वे विकास परियोजना के विरोधी नहीं हैं, लेकिन सड़क की गुणवत्ता और लोगों की सुरक्षा से समझौता नहीं होना चाहिए।

