जामताड़ा में ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण संपन्न
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आलोक कुमार ने बुधवार को समाहरणालय परिसर स्थित ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में नाला एवं जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र के ईवीएम कक्षों को खोला गया तथा जांच के बाद नियमानुसार पुनः सील कर दिया गया।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, अग्निशामक यंत्रों की स्थिति तथा परिसर की साफ-सफाई का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की और व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का बाहरी निरीक्षण प्रत्येक माह तथा आंतरिक निरीक्षण प्रत्येक तीन माह में किया जाता है। निरीक्षण के बाद तैयार जांच प्रतिवेदन निर्वाचन विभाग को भेजा जाता है।
मौके पर अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी विजय कुमार, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी सत्य प्रकाश, अग्निशामक पदाधिकारी सुधीर कुमार सिंह सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

