जमशेदपुर में ADG ने की कोल्हान क्षेत्र की पुलिस व्यवस्था की समीक्षा, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 3 जून 2026: दक्षिण छोटानागपुर प्रक्षेत्र के अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) ने बुधवार को वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभागार में कोल्हान क्षेत्र की कानून-व्यवस्था एवं पुलिस कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में कोल्हान DIG, पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक, सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक तथा पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) के पुलिस अधीक्षक समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान लंबित कांडों की प्रगति, क्षेत्र की विधि-व्यवस्था की स्थिति, विशेष जांच दल (SIT) से संबंधित मामलों, SIPU, ICJS एवं CCTNS की अद्यतन स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। इसके अलावा यातायात व्यवस्था, प्रमुख पर्यटन स्थलों की सुरक्षा, डायल-112 सेवा के संचालन में आ रही समस्याओं तथा ITSSO परियोजना की प्रगति पर भी चर्चा हुई।
समीक्षा के दौरान अपर पुलिस महानिदेशक ने सभी जिलों के अधिकारियों को लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने, कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा तकनीकी प्रणालियों का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई करने पर जोर दिया।
बैठक के अंत में अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करने तथा पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया गया।

