बागबेड़ा वायरलेस मैदान के सुंदरीकरण की पहल, पुनीत जीवन संस्था ने लगाए पौधे
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के बागबेड़ा वायरलेस मैदान में सामाजिक संस्था पुनीत जीवन की ओर से सुंदरीकरण और पर्यावरण संरक्षण को लेकर पौधारोपण अभियान चलाया गया। संस्था की अध्यक्ष मंजू कुमारी के नेतृत्व में मैदान की पहले झाड़ी-झंखाड़ और जंगली घास की सफाई कराई गई, जिसके बाद विभिन्न प्रकार के पौधे ट्री-गार्ड के साथ लगाए गए। मंजू कुमारी ने कहा कि वायरलेस मैदान स्थानीय लोगों के लिए महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थल है और इसे हरा-भरा एवं स्वच्छ बनाने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। उन्होंने स्थानीय लोगों से मैदान को स्वच्छ रखने और लगाए गए पौधों की सुरक्षा व नियमित देखभाल में सहयोग करने की अपील की। अभियान में संस्था के सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।

