मनीफिट में टाटा कंपनी की बुलडोजर कार्रवाई का विरोध, सड़क जाम कर बैठे दुकानदार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: शहर के मनीफिट टॉप क्षेत्र में उस समय तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, जब टाटा कंपनी की ओर से कथित अतिक्रमण हटाने और दुकानों को खाली कराने की कार्रवाई की तैयारी की गई। कार्रवाई की सूचना मिलते ही स्थानीय दुकानदारों और क्षेत्रवासियों ने इसका विरोध शुरू कर दिया।
बताया जाता है कि बंटी सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में दुकानदार और समर्थक मौके पर जुट गए तथा बुलडोजर कार्रवाई का विरोध करते हुए मुख्य सड़क को जाम कर दिया। सड़क जाम होने से क्षेत्र में यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया और भारी वाहनों सहित अन्य कमर्शियल गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। कई घंटे तक आवागमन बाधित रहने से राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
विरोध कर रहे दुकानदारों का कहना है कि वर्षों से वे यहां अपनी दुकानों के माध्यम से परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। उनका आरोप है कि बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के उन्हें हटाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक प्रशासन अथवा टाटा कंपनी की ओर से उनके पुनर्वास और वैकल्पिक स्थान की व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक किसी भी प्रकार की तोड़फोड़ या बुलडोजर कार्रवाई का विरोध जारी रहेगा।
घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन और कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। स्थिति को देखते हुए क्षेत्र में तनाव का माहौल बना रहा।
फिलहाल प्रशासन और संबंधित पक्षों की ओर से स्थिति को सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक विरोध-प्रदर्शन जारी था और स्थानीय लोग कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग कर रहे थे। प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।

