ज्ञान भारतम् मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला स्तर पर तैयारियां शुरू
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “ज्ञान भारतम् मिशन” के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिले में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मिशन का उद्देश्य देश की ज्ञान परंपरा, सांस्कृतिक धरोहरों, पांडुलिपियों और ऐतिहासिक अभिलेखों का संरक्षण, संवर्धन एवं डिजिटलीकरण करना है।
जिला प्रशासन द्वारा मिशन के तहत जिले में उपलब्ध पांडुलिपियों, ऐतिहासिक दस्तावेजों, सांस्कृतिक धरोहरों और अन्य महत्वपूर्ण ज्ञान संसाधनों का सर्वेक्षण, सूचीकरण एवं अभिलेखीकरण किया जाएगा। साथ ही चिन्हित सामग्री के संरक्षण के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे तथा संबंधित अधिकारियों और हितधारकों के लिए क्षमता निर्माण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
मिशन के महत्वपूर्ण घटक डिजिटलीकरण के तहत दुर्लभ पांडुलिपियों और अभिलेखों को डिजिटल स्वरूप में सुरक्षित किया जाएगा, जिससे शोधकर्ताओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को इन संसाधनों तक आसान पहुंच मिल सके।
जिला प्रशासन ने शैक्षणिक संस्थानों, पुस्तकालयों एवं अन्य संबंधित संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित कर मिशन को सफल बनाने की दिशा में कार्य शुरू कर दिया है। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि वे अपने पास उपलब्ध ऐतिहासिक महत्व की पांडुलिपियों, दस्तावेजों और सांस्कृतिक धरोहरों की जानकारी साझा कर इस राष्ट्रीय अभियान में सहयोग करें। यह पहल भारत की सांस्कृतिक और बौद्धिक विरासत को भावी पीढ़ियों तक सुरक्षित पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

