नुक्कड़ नाटकों के जरिए आदित्यपुर में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
आदित्यपुर। आदित्यपुर नगर निगम के निर्देश पर क्यूब आदित्यपुर वेस्ट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत गीता थिएटर के युवा कलाकार वार्ड पार्षदों की उपस्थिति में गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को कचरा प्रबंधन एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक कर रहे हैं।
नुक्कड़ नाटकों में घरों में गीला, सूखा, इलेक्ट्रॉनिक एवं सैनिटरी कचरे को अलग-अलग रखने, सिंगल-यूज प्लास्टिक और थर्माकोल के उपयोग से बचने तथा कचरा केवल नगर निगम की निर्धारित गाड़ियों में ही डालने का संदेश दिया जा रहा है। कार्यक्रम के अंत में कलाकार नागरिकों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त आदित्यपुर बनाने की शपथ भी दिला रहे हैं।
क्यूब वेस्ट मैनेजमेंट और नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि आदित्यपुर को देश के स्वच्छ शहरों की श्रेणी में शामिल करना उनका लक्ष्य है। इसके लिए जनभागीदारी आवश्यक है। उन्होंने वार्ड पार्षदों और स्थानीय लोगों से अभियान को सफल बनाने में सहयोग की अपील की है।

