भाजपा की तिरंगा यात्रा की तैयारियां पूरी, रविवार को साकची से निकलेगी विशाल यात्रा
पूर्व सीएम रघुवर दास, सांसद विद्युत महतो व विधायक पूर्णिमा साहू समेत हजारों कार्यकर्ता होंगे शामिल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर भाजपा जमशेदपुर महानगर की ओर से रविवार को आयोजित होने वाली विशाल तिरंगा यात्रा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यात्रा सुबह 11 बजे साकची स्थित नेताजी सुभाष मैदान (आम बागान) से शुरू होगी। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी, विधायक पूर्णिमा साहू समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता और हजारों कार्यकर्ता शामिल होंगे।
महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने बताया कि यात्रा का उद्देश्य स्वतंत्रता सेनानियों और वीर सपूतों को सम्मान देने के साथ लोगों में राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना है।
तिरंगा यात्रा साकची से निकलकर बंगाल क्लब गोलचक्कर, साकची बड़ा गोलचक्कर, आई अस्पताल, बसंत टॉकीज गोलचक्कर और जमशेदपुर अक्षेस गोलचक्कर होते हुए वापस नेताजी सुभाष मैदान पहुंचेगी। यात्रा में ढोल-नगाड़े, बैंड-बाजा, देशभक्ति गीतों से सुसज्जित डीजे और भारत माता की झांकी आकर्षण का केंद्र रहेगी। मार्ग में सामाजिक संस्थाओं द्वारा सेवा शिविर भी लगाए जाएंगे।
संजीव सिन्हा ने सामाजिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों, अधिवक्ताओं, प्रबुद्धजनों एवं राष्ट्रप्रेमी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर तिरंगा यात्रा को भव्य बनाने की अपील की।

