हिंसा से नहीं, विचारों से लड़ी जानी चाहिए राजनीतिक लड़ाई : शैलेश पांडेय
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
झारखंड कामगार कांग्रेस अध्यक्ष शैलेश पांडेय ने कांग्रेस कार्यालय के समक्ष कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प की निंदा करते हुए भाजपा पर माहौल उग्र बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि प्रदर्शन के दौरान टेंपो में पत्थर लाकर पत्थरबाजी की गई और शहर की शांति भंग करने की कोशिश हुई।
पांडेय ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन हिंसा और पत्थरबाजी स्वीकार्य नहीं है। उनके अनुसार, कांग्रेस कार्यकर्ता गांधीवादी अहिंसा के तहत प्रदर्शनकारियों के स्वागत के लिए गुलाब और जलेबी लेकर तैयार थे। इसके बावजूद घटनाक्रम का हिंसक होना दुर्भाग्यपूर्ण है।
दिल्ली के जंतर-मंतर और रांची में सीजीएल अभ्यर्थियों के आंदोलन के दौरान हुए हंगामे का उल्लेख करते हुए उन्होंने विरोध-प्रदर्शनों में हिंसा की प्रवृत्ति पर चिंता जताई। पांडेय ने कहा कि पूजा-पर्व के दौरान जमशेदपुर में शांति, सामाजिक एकता और भाईचारा बनाए रखना सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है। राजनीतिक स्वार्थ के लिए आम नागरिकों की सुरक्षा और शहर के सौहार्द से खिलवाड़ नहीं होना चाहिए।

