कृषि विज्ञान केंद्र के पास खेत में मिला चालक का शव, हत्या की आशंका
*परिजनों ने जताया हत्या का संदेह, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
आदित्यपुर थाना क्षेत्र के गम्हरिया स्थित कृषि विज्ञान केंद्र के समीप मंगलवार को खेत में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान चालक रथू महतो के रूप में हुई है। परिजनों ने उसकी हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
खेत में शव पड़े होने की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे और जांच के बाद शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
थाना प्रभारी के अनुसार, शव पर गला घोंटने या किसी गंभीर चोट के स्पष्ट बाहरी निशान नहीं मिले हैं। खेत में पानी और कीचड़ होने के कारण मृतक के चेहरे पर मिट्टी लगी थी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान की।
पुलिस मौत की असली वजह जानने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच तकनीकी और वैज्ञानिक पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।

