पुलिस के सायरन से टूटा चोरों का हौसला! बैंक ऑफ इंडिया का ग्रिल तोड़कर घुसे चोर, ताला तोड़ने तक ही सिमटे कदम
राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला: सरायकेला में चोरों ने अब बैंक की सुरक्षा व्यवस्था को भी चुनौती देना शुरू कर दिया है. सरायकेला डीसी ऑफिस के पीछे स्थित बैंक ऑफ इंडिया में चोरों ने चोरी का प्रयास किया. शनिवार की सुबह बैंक के ग्रिल का ताला टूटा हुआ मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. चोरों ने बैंक के मुख्य गेट का ताला तोड़ दिया था, लेकिन वे अंदर प्रवेश नहीं कर सके. गनीमत रही कि बैंक में चोरी की कोई बड़ी घटना नहीं हुई. स्थानीय लोगों की सूचना पर सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई. स्थानीय लोगों ने बताया कि रात में हमेशा पुलिस की गस्ती गाड़ी इधर करीब 4 से 5 बार हुटर बजाते हुए आती है और जाती है. इसलिए चोरी की घटना टल गई

घटना के बाद बैंक की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि बैंक प्रबंधन सुरक्षा को लेकर लापरवाही बरत रहा है. बैंक जैसे संवेदनशील संस्थान में मजबूत ताले और पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम तक नहीं किए गए हैं. लोगों का कहना है कि जब बैंक की सुरक्षा व्यवस्था ही कमजोर होगी, तो चोरों के हौसले बुलंद होना स्वाभाविक है. जमशेदपुर में बैंक डकैती की घटना के बाद भी यदि बैंक अपनी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर नहीं हैं, तो यह चिंता का विषय है.
पुलिस के सायरन से चोरों के मंसूबों पर फिरा पानी
स्थानीय बस्ती के लोगों ने बताया कि शुक्रवार की देर रात करीब एक बजे तक सरायकेला थाना पुलिस की गाड़ी सायरन बजाते हुए इलाके में लगातार गश्त कर रही थी. लोगों का मानना है कि पुलिस की लगातार गश्ती और सायरन की आवाज के कारण चोरों को बैंक के अंदर प्रवेश करने का मौका नहीं मिला. चोर मुख्य गेट का ताला तोड़ने के बाद भी अंदर नहीं जा सके और बड़ी वारदात टल गई.
बैंक की सुरक्षा पर सवाल, पुलिस की मुस्तैदी आई काम
जमशेदपुर में बैंक डकैती की घटना के बाद सरायकेला थाना पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है. थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में रात के समय बैंकों और संवेदनशील इलाकों की सुरक्षा को लेकर लगातार गश्ती अभियान चलाया जा रहा है. थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि शुक्रवार की रात वह स्वयं डीसी ऑफिस के पीछे स्थित बस्ती से होकर गुजरे थे और करीब एक बजे तक इलाके में गश्ती करते रहे. पुलिस की ओर से रात में लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी आपराधिक घटना को समय रहते रोका जा सके.
बैंक में सेंधमारी की इस घटना ने एक बार फिर बैंक प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है. एक तरफ पुलिस रातभर सड़कों पर गश्त कर अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रख रही है, वहीं दूसरी तरफ बैंक की सुरक्षा में कथित लापरवाही कई सवाल खड़े कर रही है. अब देखना यह है कि बैंक प्रबंधन इस घटना से सबक लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करता है या फिर किसी बड़ी घटना के इंतजार में हाथ पर हाथ धरे बैठा रहता है.

