जमशेदपुर में पुलिस अलर्ट, एसएसपी ने टैंगो मोबाइल, पीसीआर, शक्ति कमांडो और क्यूआरटी जवानों को किया ब्रीफ
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 13 जुलाई। शहर में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से सोमवार दोपहर 2 बजे सीसीआर साकची परिसर में वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने टैंगो मोबाइल, पीसीआर, शक्ति कमांडो एवं क्यूआरटी (क्विक रिस्पॉन्स टीम) के जवानों की विशेष ब्रीफिंग की।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक (नगर), पुलिस उपाधीक्षक सीसीआर, पुलिस निरीक्षक सीसीआर तथा साकची थाना प्रभारी भी मौजूद रहे। एसएसपी ने सभी पुलिसकर्मियों को पूरी मुस्तैदी, सतर्कता और अनुशासन के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
ब्रीफिंग में कहा गया कि शहर में नियमित और प्रभावी पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जाए तथा सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी करने वाले, असामाजिक तत्वों और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही एंटी क्राइम चेकिंग अभियान को और तेज करने तथा संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया गया।
एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि पेट्रोलिंग के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर संबंधित थाना प्रभारी और पुलिस नियंत्रण कक्ष को तत्काल सूचित किया जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने ड्यूटी में किसी भी तरह की लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी। वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और जवानों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन करने की भी घोषणा की गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शहर में अपराध नियंत्रण, आम लोगों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार विशेष निगरानी अभियान जारी रहेगा।

