राष्ट्र संवाद संवाददाता
आदित्यपुर स्थित ESIC अस्पताल की चरमराई स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर अब मजदूर संगठनों ने खुलकर मोर्चा संभाल लिया है। मजदूर हितों की लड़ाई लड़ने वाले INTUC ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए चिकित्सा अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा और जल्द सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की है। संगठन का कहना है कि अस्पताल में डॉक्टरों और नर्सों की भारी कमी के कारण मजदूरों और उनके परिजनों को समय पर इलाज नहीं मिल पा रहा है। भीषण गर्मी के बीच वार्डों में एयर कंडीशनर की व्यवस्था नहीं होने से मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं आवश्यक दवाइयों की कमी और इलाज के लिए लंबी कतारें भी अस्पताल की बदहाल स्थिति को उजागर कर रही हैं।
INTUC अध्यक्ष के.पी. तिवारी ने कहा कि कोल्हान क्षेत्र के मजदूर उद्योगों के माध्यम से सरकार को करोड़ों रुपये का राजस्व देते हैं, लेकिन जब उनके इलाज की बात आती है तो उन्हें मूलभूत स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ता है। ज्ञापन में अस्पताल भवन की मरम्मत, डॉक्टरों और नर्सों के रिक्त पदों को शीघ्र भरने, सभी वार्डों में AC लगाने तथा TMH, टेल्को अस्पताल और नेताजी सुभाष अस्पताल जैसे बड़े चिकित्सा संस्थानों से टाई-अप करने की मांग की गई है। अब देखना यह होगा कि मजदूरों की सेहत से जुड़े इन गंभीर मुद्दों पर अस्पताल प्रबंधन और सरकार कितनी गंभीरता दिखाती है, या फिर मजदूर यूं ही बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था का शिकार बने रहेंगे।

