रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ, कोल्हान)
सरायकेला थाना क्षेत्र में शनिवार को एक खतरनाक हादसे ने राह चलते लोगों के बीच दहशत फैला दी। कांड्रा-सरायकेला मार्ग पर चाडरी मोड़ के समीप उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कांड्रा की ओर से आ रहा एक पिकअप वैन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। वाहन में ज्वलनशील थिनर लदा हुआ था, जो दुर्घटना के बाद सड़क पर बिखर गया। देखते ही देखते थिनर से भरे ड्रम सड़क पर फैल गए, जिससे कुछ समय के लिए स्थिति बेहद गंभीर बन गई और किसी बड़े हादसे की आशंका गहरा गई। घटना के बाद सड़क पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया और आसपास के लोगों में भय का माहौल बन गया। हालांकि स्थानीय लोगों की तत्परता और सूझबूझ से हालात को जल्द ही काबू में कर लिया गया। राहगीरों के सहयोग से पलटे वाहन को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका। इधर सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने एक बार फिर खतरनाक रसायनों के परिवहन में बरती जा रही लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं—आखिर कब तक ऐसी लापरवाही जारी रहेगी और कब इन हादसों पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जाएगा।

