मानगो में धूल से फूटा लोगों का गुस्सा, एनएच-33 एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण कार्य रुकवाया
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के मानगो क्षेत्र में एनएच-33 पर चल रहे एलिवेटेड कॉरिडोर निर्माण कार्य के दौरान उड़ रही धूल से परेशान स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। धूल के कारण आमजन, दुकानदारों और वाहन चालकों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। सड़क पर दृश्यता कम होने से दुर्घटना का खतरा भी लगातार बना हुआ है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण एजेंसी द्वारा नियमित रूप से जल छिड़काव नहीं किया जा रहा, जिससे पूरे इलाके में धूल का गुबार फैल रहा है। इससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं और व्यापार भी प्रभावित हो रहा है।
लगातार शिकायतों के बावजूद समाधान नहीं होने पर स्थानीय लोग भाजपा नेता विकास सिंह के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन पर उतर आए। आक्रोशित लोगों ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर काम बंद करवा दिया। बाद में एनएचएआई और निर्माण एजेंसी के अधिकारी मौके पर पहुंचे और तत्काल जल छिड़काव शुरू कराया।
विकास सिंह ने चेतावनी दी कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो स्थानीय लोग आंदोलन को और तेज करेंगे।

