राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:आगामी त्योहारों—रामनवमी, हिन्दू नववर्ष यात्रा, ईद और चैती छठ—को लेकर बर्मामाइंस थाना परिसर में शांति समिति की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, बस्तीवासियों और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने भाग लिया। इसका मुख्य उद्देश्य सभी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना था।
बैठक के दौरान स्थानीय लोगों ने अपनी समस्याएं खुलकर रखीं। इनमें पेयजल की कमी, खराब स्ट्रीट लाइट, जर्जर सड़कों और नालियों से बहते गंदे पानी जैसी समस्याएं प्रमुख रहीं। इन मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई और शीघ्र समाधान पर जोर दिया गया।
थाना प्रभारी निरंजन कुमार ने आश्वासन दिया कि त्योहारों से पहले इन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद है, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो।
उन्होंने लोगों से अपील की कि सभी आपसी भाईचारे और सहयोग के साथ पर्व मनाएं। पुलिस और जनता के सामूहिक प्रयास से इस वर्ष भी सभी त्योहार शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न होंगे।

