रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ, कोल्हान)
सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या 28 के रोड नंबर 32 मुख्य मोड़ पर दबंगई और संवेदनहीनता का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक शराबी ने मामूली विवाद में फल विक्रेता रवि प्रजापति पर जानलेवा हमला कर उसे बुरी तरह लहूलुहान कर दिया। घटना के दौरान व्यस्त सड़क पर मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे और किसी ने भी घायल की मदद करने की कोशिश नहीं की, जिससे अपराधी के हौसले और बुलंद नजर आए। पीड़ित रवि प्रजापति ने बताया कि वह पिछले दो दिनों से उक्त स्थान पर दुकान लगाकर अपना जीवन यापन कर रहा था, तभी एक स्थानीय दबंग शराबी लगातार उससे शराब के लिए पैसे मांग रहा था। मंगलवार को जब रवि ने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपी ने आपा खोते हुए बीच सड़क पर ताबड़तोड़ घूंसे बरसाने शुरू कर दिए, जिससे उसकी नाक और मुंह से खून बहने लगा। रवि ने आरोप लगाया कि इलाके के कुछ दुकानदारों द्वारा आरोपी को पैसे देने की आदत पड़ गई है, जिसके चलते वह जबरन वसूली करता है। घटना की सूचना पुलिस को दिए जाने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। फिलहाल पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की मांग करते हुए दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है, ताकि क्षेत्र में ऐसे असामाजिक तत्वों पर लगाम लग सके और छोटे दुकानदार सुरक्षित माहौल में अपना काम कर सकें।

