फ्लैट देने के नाम पर 70.66 लाख की ठगी, बिल्डर शामराव शिंदे नवी मुंबई से गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
इंद्र यादव
मुंबई/ठाणे। फ्लैट दिलाने के नाम पर कथित तौर पर 70,66,600 रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में ठाणे शहर पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने बिल्डर शामराव शंकरराव शिंदे (45) को नवी मुंबई से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ वर्ष 2018 में नौपाड़ा पुलिस थाने में धोखाधड़ी और महाराष्ट्र ओनरशिप फ्लैट एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।
आरोप है कि शामराव शिंदे, रामदास शंकरराव शिंदे और अन्य सहयोगियों ने फ्लैट उपलब्ध कराने का भरोसा देकर शिकायतकर्ता एवं अन्य लोगों से पैसे लिए, लेकिन फ्लैट देने के बजाय रकम का कथित रूप से गबन कर लिया।
मामले की जांच आर्थिक अपराध शाखा को सौंपी गई थी। पुलिस ने मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) के तकनीकी विश्लेषण के आधार पर सातारा, अलिबाग, नवी मुंबई और पनवेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में तलाश की। इसके बाद आरोपी को 29 सितंबर 2026 को शाम 7:33 बजे गिरफ्तार किया गया।

