परसुडीह दुष्कर्म कांड: धमकियों से डरा परिवार, भाजपा ने डीसी से की मुलाकात – सुरक्षा व सख्त कार्रवाई की मांग
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र में 25 जुलाई को 5 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म मामले में अब पीड़ित परिवार को धमकियां मिलने लगी हैं। आरोप है कि दक्षिणी करनडीह की वार्ड पार्षद मोनिका हेम्ब्रम परिवार पर समझौते का दबाव डाल रही हैं और जान से मारने की धमकी दे रही हैं।

इसी मुद्दे को लेकर भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को जिला उपायुक्त से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में पीड़िता के पिता भी शामिल थे। भाजपा ने पीड़िता व परिवार को सुरक्षा देने और धमकी देने वालों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

जिला उपायुक्त ने भरोसा दिलाया कि परिवार को हरसंभव सुरक्षा और कानूनी संरक्षण मिलेगा तथा दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी। मुलाकात के दौरान भाजपा नेता कुसुम पूर्ति, बबुआ सिंह, सुबोध झा, नीतीश कुशवाहा, अमित मिश्रा सहित अन्य उपस्थित थे।



