आजाद नगर में हथियार लहराकर दहशत, पत्नी से मारपीट के बाद आरोपी फरार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के आज़ाद नगर थाना क्षेत्र में बुधवार देर शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब गंगोर स्वीट्स के सामने दो युवकों ने खुलेआम हथियार लहराकर इलाके में दहशत फैला दी। घटना के बाद आसपास के लोगों में भय और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी शारिक इमाम अपनी पत्नी को अपने दोस्त सलमान के साथ हाईवे पर बातचीत के बहाने लेकर गया था। इसी दौरान पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि विवाद इतना बढ़ गया कि लौटने के दौरान बाइक पर ही शारिक ने अपनी पत्नी के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी।

पीड़िता ने विरोध करते हुए खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी का गुस्सा बढ़ता गया। महिला के साथ हो रहे दुर्व्यवहार को देख आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
भीड़ इकट्ठा होते देख आरोपियों ने लोगों को डराने के लिए हथियार निकाल लिए और लहराने लगे, जिससे वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इसी बीच एक साहसी युवक ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन दोनों मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने महिला को सुरक्षित गंगोर स्वीट्स तक पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही आज़ाद नगर थाना प्रभारी चंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।
पीड़िता के अनुसार, पति-पत्नी के बीच पहले से ही विवाद चल रहा था। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

