रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ, कोल्हान)
सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटा गम्हरिया स्थित एक कंपोजिट शराब दुकान में पिस्टल लहराने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार 7 अप्रैल की दोपहर शराब खरीदने पहुंचे कुछ लोगों और दुकान के कर्मचारियों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते तनावपूर्ण झड़प में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद के दौरान एक युवक ने अचानक पिस्टल निकालकर काउंटर पर मौजूद व्यक्ति की ओर तान दी, जिससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि साथ आए अन्य लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बीच-बचाव किया और किसी तरह स्थिति को काबू में लाया, जिसके बाद आरोपी युवक ने हथियार वापस अपनी कमर में रख लिया। घटना के बाद सामने आई तस्वीरों और जानकारियों ने मामले को और गंभीर बना दिया है। सूत्रों के अनुसार पिस्टल लहराने वाले युवक की पहचान मयंक बारी उर्फ गोलू बारी के रूप में की जा रही है। वहीं, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर गम्हरिया थाना पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं, क्योंकि चर्चा है कि मामले को शांत कर रफा-दफा करने की कोशिश की जा रही है। यह घटना घनी आबादी वाले क्षेत्र में स्थित दुकान में हुई, जिससे स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि यदि दिनदहाड़े इस तरह हथियार लहराए जाएंगे, तो आम जनता खुद को कितना सुरक्षित महसूस करेगी, यह बड़ा सवाल है।

