पब्लिक इंटरव्यू का प्रथम स्थापना दिवस समारोह आयोजित, समाजसेवियों और पत्रकारों को किया गया सम्मानित
बेगूसराय/राष्ट्र संवाद ब्यूरो
नगर परिषद बरौनी स्थित दिन दयाल रोड के लगन लक्ष्मी गेस्ट हाउस में शनिवार को पब्लिक इंटरव्यू का प्रथम स्थापना दिवस सह सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पत्रकार एवं चैनल के संस्थापक मेराज आलम के नेतृत्व में किया गया। समारोह में समाज के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाले समाजसेवियों, जरूरतमंदों की मदद करने वाले व्यक्तियों और पत्रकारों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन समाजसेवी कैयूम आजाद, लाल बाबू, मेराज अख्तर दाना, मंजूर आलम सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
समारोह के दौरान नवल सिंह को सम्मानित किया गया, जिन्होंने दर्जनों लोगों को नया जीवन देने में योगदान दिया है। वहीं, बरौनी जंक्शन पर मिलने वाले लावारिस शवों का अंतिम संस्कार करने का सराहनीय कार्य करने वाले मोहम्मद मन्नान को भी सम्मानित किया गया। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं की फीस माफ कर उनकी पढ़ाई में सहयोग करने वाले हिमांशु शेखर मिश्रा को सम्मान प्रदान किया गया। इसके अलावा बीहट के समाजसेवी उत्तम कुमार को भी उनके सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर स्वर्गीय प्रभु नारायण गुप्ता के योगदान को भी याद किया गया। वे लावारिस हिंदू शवों का अंतिम संस्कार करने का कार्य करते थे। उनके निधन के बाद उनकी पत्नी को सम्मानित कर उनके परिवार के प्रति सम्मान प्रकट किया गया। समारोह में दर्जनों अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं और पत्रकारों को भी सम्मानित किया गया। संस्थापक एवं पत्रकार मेराज आलम ने कहा कि पत्रकारिता का उद्देश्य केवल खबरों को जनता तक पहुंचाना ही नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले लोगों के कार्यों को सामने लाना भी है।
समारोह के माध्यम से सामाजिक एकता, मानवता, शिक्षा और जनसेवा का संदेश दिया गया। इस दौरान उपस्थित, मोहम्मद आजाद, रुस्तम आजाद, मोहम्मद मेराज, अनुज यादव, अमित कुमार, समर सिंह, सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।

