- पॉक्सो एक्ट पर जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन, न्याय तक पहुंच और जागरूकता पर जोर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:झालसा रांची के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) जमशेदपुर द्वारा रविवार को लोक अदालत भवन में जिला स्तरीय बहु-हितधारक परामर्श कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पॉक्सो एक्ट 2012 के प्रभावी कार्यान्वयन को लेकर गहन चर्चा करना और विभिन्न हितधारकों को जागरूक करना रहा।

कार्यशाला का उद्घाटन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री अरविंद कुमार पांडेय सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन से हुआ। मुख्य अतिथि श्री पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने में जांच अधिकारियों की भूमिका अहम है और सावधानी से जांच होनी चाहिए ताकि कोई भी अपराधी बच न सके।

स्टेट बार कौंसिल के उपाध्यक्ष श्री राजेश शुक्ला ने डालसा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्था कमजोर एवं वंचित वर्गों को न्याय दिलाने में अहम भूमिका निभा रही है। ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग ने विधिक सेवा के दृष्टिकोण को साझा किया। कार्यशाला में न्यायिक पदाधिकारी, डॉक्टर, सीडब्ल्यूसी, पुलिस अधिकारी, पैनल अधिवक्ता व पीएलवी सहित अनेक हितधारकों ने भाग लिया। समापन राष्ट्रगान और धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।



