शराब बिक्री का विरोध पड़ा भारी, युवक को खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटा, पत्नी-मां से भी मारपीट
राष्ट्र संवाद संवाददाता अमन ओझा
जमशेदपुर के पूर्वी सिंहभूम जिले अंतर्गत परसुडीह थाना क्षेत्र के दुमकागोड़ा में शराब बिक्री का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि शराब कारोबार से जुड़े लोगों ने युवक को खंभे से बांधकर बेरहमी से पिटाई की और इस दौरान उस पर चाकू व लाठी से भी हमला किया गया। घटना की सूचना मिलते ही युवक की पत्नी और मां मौके पर पहुंचीं और बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए खासमहल स्थित सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल युवक की पहचान टिंकू के रूप में हुई है। टिंकू ने बताया कि वह सुबह के समय शराब की दुकान पर गया था, जहां पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उसे घेर लिया। इसके बाद उसे जबरन खंभे से बांधकर लाठी-डंडों से पीटा गया और चाकू से भी वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित के अनुसार इस हमले में कैप्टन सरदार, राहुल पात्रो, टीलो पात्रो, मिहिर गोप, मिहिर गोप का साला सहित हलूदबनी निवासी कुछ अन्य लोग भी शामिल थे। टिंकू ने आरोप लगाया कि सभी आरोपी शराब बिक्री का विरोध करने पर उससे रंजिश रखते थे और इसी कारण इस घटना को अंजाम दिया गया।स्थानीय लोगों के अनुसार दुमकागोड़ा क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री लंबे समय से हो रही है, जिसका कई लोग विरोध करते रहे हैं। इसी विरोध के चलते पहले भी विवाद की स्थिति बन चुकी है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दे दी गई है और पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

