धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर पूरे झारखंड में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
राष्ट्र संवाद संवादाता
इसी कड़ी में जमशेदपुर प्रखंड कार्यालय के सामने स्थित स्वर्गीय दिसुम गुरु शिबू सोरेन स्मारक समिति परिसर में झामुमो नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि के अवसर पर जमशेदपुर प्रखंड के सामने स्थित स्वर्गीय दिसुम गुरु शिबू सोरेन स्मारक समिति में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम में झामुमो प्रखंड अध्यक्ष पलटन मुर्मू, जिला परिषद उपाध्यक्ष एवं झामुमो नेता पंकज सिन्हा, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष बहादुर किस्कू, सचिव जगत मार्डी, मिथुन चक्रवर्ती, मुखिया मायावती टुडू, सरस्वती टुडू सहित कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने आदिवासी समाज के अधिकारों, स्वाभिमान तथा जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उनके संघर्ष, त्याग, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक चेतना की मिसाल आज भी लोगों को प्रेरित करती है।
जिला परिषद उपाध्यक्ष पंकज सिन्हा और प्रखंड अध्यक्ष पलटन मुर्मू ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के आदर्श समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और सम्मान पहुंचाने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने सभी लोगों से बिरसा मुंडा के बताए मार्ग पर चलकर राज्य और देश को बेहतर बनाने का संकल्प लेने की अपील की।
धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर आयोजित इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उनके विचारों और संघर्षों को याद करते हुए सामाजिक न्याय, अधिकार और स्वाभिमान की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।

