संक्रांति पर दोमुहानी समेत विभिन्न नदी तटों पर आस्था की डुबकी लगाने उमड़ा जनसैलाब
राष्ट्र संवाद संवाददाता
गम्हरिया। मकर संक्रांति के अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न नदी घाटों व तालाबों में आस्था की डुबकी लगाने श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। गम्हरिया के सापड़ा-शहरबेड़ा स्थित दोमुहानी नदी तट, सीतारामपुर जलाशय, गांजिया घाट, मानीकुई घाट, शिवबाँध आदि घाटों पर प्रातः चार बजे से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी प्रारंभ हो गई थी जो दोपहर तक जारी रहा। इस दौरान लाखों लोगों ने नदी व तालाबों में पवित्र स्नान कर गरीबों को दान पुण्य किया। इस मौके पर दोमुहानी तट स्थित मंदिर में सप्तर्षि गुरुकुल आश्रम के बच्चों द्वारा हवन-यज्ञ आदि का आयोजन भी किया गया। इस मौके पर सापड़ा दोमुहानी तट के समीप भव्य मेला का आयोजन किया गया जिसका दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आए हजारों लोगों ने काफी आनंद उठाया। इस दौरान टूसू-मकर मेला सेवा समिति शहरबेड़ा की ओर से करीब जरूरतमंद महिलाओं के बीच साड़ी और श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी का वितरण किया गया। इस मौके पर मुख्य रूप से पूर्व मुख्यमंत्री सह विधायक चम्पाई सोरेन उपस्थित थे। उनके द्वारा करीब 500 जरूरतमंद महिलाओं के बीच साड़ी वितरण किया गया। इसके आयोजन में महिला नेत्री प्रियंका मंडल, जमुना मंडल, रीता मंडल, दीपक मंडल, पुरनु मंडल आदि का अहम योगदान रहा। कार्यक्रम की शुरुआत समिति ने संस्थापक अध्यक्ष व संरक्षक स्व0 जनक मंडल की तस्वीर पर पुष्प व माल्यार्पण कर किया गया।

