‘वोट बैंक’ की राजनीति से पूर्वोत्तर को नुकसान, अब विकास का इंजन बन रहा क्षेत्र : प्रधानमंत्री मोदी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
आइजोल : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को मिजोरम में 9,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की शुरुआत की और कहा कि ‘वोट बैंक’ की राजनीति के कारण पूर्वोत्तर को पहले भारी नुकसान उठाना पड़ा, लेकिन अब यह क्षेत्र देश के विकास का इंजन बन रहा है।

भारी बारिश के कारण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से आयोजित जनसभा में मोदी ने आइजोल-दिल्ली पहली राजधानी एक्सप्रेस और कई सड़क, रेल, ऊर्जा एवं खेल अवसंरचना परियोजनाओं का उद्घाटन किया। उन्होंने 8,070 करोड़ रुपये की बैराबी-सैरंग रेल लाइन को मिजोरम के लिए ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह राज्य को देश के रेल नेटवर्क से जोड़ेगी और जीवन रेखा साबित होगी। मोदी ने कहा कि कनेक्टिविटी, शिक्षा, स्वास्थ्य और उद्यमशीलता पर जोर देने से पूर्वोत्तर तेजी से प्रगति कर रहा है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में 4,500 स्टार्टअप और 25 इनक्यूबेटर काम कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने जीएसटी दरों में कमी से आम लोगों को राहत मिलने और स्वास्थ्य सेवाएं सस्ती होने की बात कही। उन्होंने भारत की 7.8 प्रतिशत जीडीपी वृद्धि दर को दुनिया में सबसे तेज बताते हुए इसे राष्ट्र की ताकत बताया। इस मौके पर मिजोरम के राज्यपाल वीके सिंह, मुख्यमंत्री लालदुहोमा और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव उपस्थित थे।

