‘एक शाम गांधी के नाम’ में गांधी के विचारों को अपनाने पर जोर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 1 अक्टूबर। गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर सर्वोदय समिति जमशेदपुर की ओर से टेल्को रीक्रिएशन क्लब में ‘एक शाम गांधी के नाम’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सत्य, अहिंसा, शांति, सद्भावना और भाईचारे के गांधीवादी विचारों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया गया।
मुख्य अतिथि टाटा मोटर्स के महाप्रबंधक जीवराज सिंह संधू ने गांधी के विचारों को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया। मुख्य वक्ता टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के महासचिव आरके सिंह ने शांति और भाईचारे को गांधी का प्रमुख संदेश बताया। रजत कुमार सिंह ने गांधी के सिद्धांतों को कार्यशैली में उतारने पर जोर दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सर्वोदय समिति अध्यक्ष रियाजुद्दीन खान ने की, जबकि संचालन महासचिव मनोज कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर मजदूर एवं सहकारिता आंदोलन में योगदान के लिए अरविंद विद्रोही तथा टाटा मोटर्स की विजेता ‘पारस’ टीम के सदस्यों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शशि भूषण प्रसाद, नंदलाल सिंह, प्रभुनाथ सिंह, आर.आर. दुबे समेत समिति, यूनियन और टाटा मोटर्स से जुड़े लोग मौजूद रहे।

